राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से भारतीय कितने जुड़े, यह तो बहस का सवाल है। फिलहाल, उनकी इस यात्रा से गहलोत और पायलट जुड़ते दिखाई दे रहे हैं। राजस्थान में आज राहुल की यात्रा का सातवां दिन है। सियासी गलियारों में चर्चा है कि राहुल की वजह से गहलोत और पायलट ने ही हेलीकॉप्टर में सवार होकर जयपुर तक यात्रा की। जयपुर से चार्टर प्लेन में दोनों दिल्ली और फिर शिमला साथ-साथ जा रहे हैं।
दोनों खेमों में हो गई सुलह
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गहलोत-पायलट खेमों के बीच सियासी सीजफायर जारी रहने का दावा किया है। पायलट और गहलोत ने लगभग साल भर बाद एक ही प्लेन से यात्रा की है। उनके एक साथ शिमला जाने के सवाल पर जयराम रमेश ने कहा कि यह कोशिश नहीं हकीकत है, हम एक हैं।
उन्होंने कहा, “हम एक हैं। एक संगठन के सदस्य है। राहुल गांधी ने कहा था कि हमारे दोनों एसेट हैं। गहलोत अनुभवी हैं, वरिष्ठ नेता। सरकार और संगठन में बड़े पदों पर रहे हैं। पायलट युवा और ऊर्जावान नेता हैं। संगठन को दोनों की जरूरत है। आप जो देख रहे हैं वह कोई दिखावा नहीं है, यह असलियत है।”
गहलोत ने पायलट को कह दिया था गद्दार
बता दें कि गहलोत और पायलट के बीच तल्खी बढ़ी हुई थी। इसी साल 25 सितंबर को भी सियासी विवाद के बाद से पारा बढ़ गया था। कुछ दिनों पहले गहलोत ने एक इंटरव्यू के बाद पायलट को गद्दार तक कह दिया था। राहुल की यात्रा के राजस्थान में आने से पहले कांग्रेस महासचिव वेणुगोपाल ने दोनों नेताओं के हाथ एक साथ मिलाकर सियासी सीजफायर का मैसेज देने की कोशिश की थी।
इससे पहले आज सुबह करीब छह बजे बूंदी के बलदेवपुरा से आज के सफर की शुरुआत हुई। राहुल गांधी बूंदी के देहिखेड़ा गांव में किसानों से भी मिले और उनसे हालचाल पूछा। राहुल ने किसानों से बिजली और पानी पर बात की। अभी जहां से यात्रा निकल रही है वह पूरा नहरी क्षेत्र है।





