भारत-पाकिस्तान क्रिकेट विवाद पाकिस्तान पर गिरी गाज
भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। एशिया कप के लीग मैच में भारत ने पाकिस्तान को सात विकेट से हराया था, वहीं सुपर-4 के मुकाबले में भारत ने छह विकेट से जीत हासिल की। 14 सितंबर को खेले गए मैच को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव के खिलाफ ICC में शिकायत की थी। इसके बाद मैच रेफरी रिची रिचर्डसन ने सूर्यकुमार से जवाब मांगा। इसी बीच, 21 सितंबर को हुए सुपर-4 मैच में पाकिस्तान के खिलाड़ियों साहिबजादा फरहान और हारिस रऊफ के व्यवहार को लेकर भारतीय टीम ने कड़ी शिकायत दर्ज कराई है। फरहान ने अर्धशतक बनाने के बाद बल्ले से ‘गन सेलिब्रेशन’ किया, जबकि रऊफ ने संजू सैमसन का विकेट लेने के बाद आक्रामकता दिखाई। इसके अलावा, दोनों खिलाड़ी अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल से भिड़ते भी नजर आए। बीसीसीआई ने इस तरह के व्यवहार पर आपत्ति जताई और मैच रेफरी एंडी पायक्राफ्ट से कड़ी कार्रवाई की मांग की। शिकायत में वीडियो और पूरी घटनाक्रम की जानकारी भी भेजी गई। बीसीसीआई का कहना है कि पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने जानबूझकर ऐसा किया और उनका मकसद खेल भावना को चोट पहुंचाना था। एशिया कप के दौरान भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव मैदान और बाहर दोनों जगह दिखाई दे रहा है। 14 सितंबर के मुकाबले में भारतीय टीम द्वारा हाथ न मिलाने के बाद से पाकिस्तानी टीम और उनका बोर्ड भी नाराज हैं। इस बीच, भारतीय टीम की शिकायत और डोजियर से ICC के फैसले का इंतजार किया जा रहा है।




