पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने आखिरकार बुधवार (17 सितंबर) को यूएई को हराकर एशिया कप के सुपर-4 में जगह बना ली। हालांकि, यह जीत जितनी आसान दिखती है, उतनी ही बड़ी चुनौतियां पाकिस्तान का इंतजार कर रही हैं। अब 21 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में उसका मुकाबला भारत से होगा। टीम इंडिया ने इसी महीने 14 सितंबर को पाकिस्तान को 7 विकेट से रौंद डाला था। उस हार की गूंज अब भी पाकिस्तान कैंप में सुनाई दे रही है।
यूएई जैसी कमजोर टीम पर जीत से पाकिस्तान की कमजोरी छिप नहीं सकी। पूरे मैच में उसकी बल्लेबाजी लड़खड़ाती नजर आई और गेंदबाज भी उम्मीद के मुताबिक असरदार नहीं दिखे। कप्तान सलमान आगा ने मैच के बाद बयान दिया कि टीम भारत के खिलाफ किसी भी चुनौती के लिए तैयार है, लेकिन असलियत यह है कि भारतीय टीम के सामने पाकिस्तान का मनोबल पहले ही टूटा हुआ है।
पाकिस्तान पर दोहरी मार है—एक तरफ हार का दाग, तो दूसरी तरफ हाल ही में ‘हाथ न मिलाने’ का विवाद, जिसने उसकी खेल भावना पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यही वजह है कि सुपर-4 में भारत से भिड़ंत उसके लिए किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं होगी।
विशेषज्ञ मान रहे हैं कि अगर पाकिस्तान अपनी पुरानी गलतियां दोहराता है, तो टीम इंडिया उसे एक बार फिर करारी शिकस्त देने में देर नहीं करेगी। क्रिकेट फैंस की नजरें अब 21 सितंबर के महामुकाबले पर टिक गई हैं, जहां पाकिस्तान की असलियत पूरी तरह उजागर होने वाली है।




