आईसीसी ने 17 सितंबर 2025 को टी20 रैंकिंग जारी की, जिसमें भारतीय स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने दुनिया के नंबर-1 टी20 गेंदबाज का ताज अपने नाम कर लिया। एशिया कप 2025 में शानदार प्रदर्शन के बाद कुलदीप यादव ने भी रैंकिंग में बड़ी छलांग लगाई और 37वें स्थान से 23वें स्थान पर पहुंच गए। बल्लेबाजी रैंकिंग में अभिषेक शर्मा पहले नंबर पर बने हुए हैं, जबकि तिलक वर्मा दो पायदान गिरकर चौथे स्थान पर आ गए हैं।
रुण चक्रवर्ती: टी20 गेंदबाजी के शिखर पर
यूएई के खिलाफ वरुण ने 2 ओवरों में सिर्फ 4 रन देकर 1 विकेट लिया। पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने 4 ओवर में 24 रन देकर 1 विकेट अपने नाम किया। इस प्रदर्शन से वरुण ने 3 पायदान की छलांग लगाकर 733 रेटिंग के साथ दुनिया के नंबर-1 टी20 गेंदबाज बने। इससे पहले यह स्थान न्यूजीलैंड के जैकब डफी के पास था, जो अब दूसरे नंबर पर आ गए हैं।
कुलदीप यादव की लंबी छलांग
कुलदीप यादव ने 16 पायदान ऊपर चढ़कर 23वें नंबर पर जगह बनाई। उन्होंने एशिया कप के पहले मैच में यूएई के खिलाफ 2.1 ओवर में 4 विकेट लिए और पाकिस्तान के खिलाफ 4 ओवर में 3 विकेट लिए। दोनों मैचों में कुलदीप प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। 604 रेटिंग के साथ वह अब टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में भारत के प्रमुख स्पिनरों में शामिल हैं।
भारत का ऑलराउंडर दबदबा
आईसीसी टी20 ऑलराउंडर रैंकिंग में हार्दिक पंड्या पहले नंबर पर हैं। पाकिस्तान के सैम अयूब ने 4 पायदान का फायदा उठाया और छठे नंबर पर पहुंचे। इस लिस्ट में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा साफ नजर आता है।
बल्लेबाजी रैंकिंग में भारतीय दबदबा
टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में अभिषेक शर्मा 884 रेटिंग के साथ पहले नंबर पर हैं। तिलक वर्मा दो पायदान गिरकर चौथे स्थान पर आ गए हैं, जबकि सूर्यकुमार यादव छठे से सातवें नंबर पर पहुंच गए हैं। भारत के खिलाड़ियों का यह प्रदर्शन टीम की ताकत और फॉर्म को दिखाता है।





