पीएम मोदी देंगे एमपी को पीएम मित्रा पार्क की सौगात…जिससे क्षेत्र का होगा समग्र विकास: मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 17 सितंबर को धार जिले के ग्राम भैंसोला में प्रस्तावित दौरा प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण क्षण होगा। उन्होंने कहा पीएम मित्रा पार्क (PM MITRA Park) के भूमिपूजन से क्षेत्र के समग्र विकास की नई दिशा तय होगी। यह अवसर प्रदेश के किसानों, महिलाओं और आम नागरिकों के लिए ऐतिहासिक साबित होगा।
प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर तैयारी
धार जिले के भैंसोला में तैयारियां तेज
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हाल ही में ग्राम भैंसोला में कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को सभी तैयारियां सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह दौरा प्रदेश की औद्योगिक, सामाजिक और कृषि विकास यात्रा में मील का पत्थर साबित होगा।
पीएम मित्रा पार्क से रोजगार और उद्योग को बढ़ावा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पीएम मित्रा पार्क का निर्माण प्रधानमंत्री मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं को साकार करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने बताया कि देशभर में सात पीएम मित्रा पार्क बनाए जा रहे हैं, जिनमें से सबसे पहले मध्यप्रदेश में भूमिपूजन होगा। उन्होंने कहा कि धार का यह इलाका कपास की खेती के लिए प्रसिद्ध है। पार्क शुरू होने के बाद कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। इससे लगभग 6 लाख किसानों को अप्रत्यक्ष रोजगार और एक लाख लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। डॉ. यादव ने विश्वास जताया कि इससे न केवल औद्योगिक निवेश बढ़ेगा बल्कि किसानों की आय में भी इजाफा होगा।
कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाओं का जायजा
मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल की सजावट, मंच व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, ध्वनि एवं प्रकाश व्यवस्था सहित सभी तैयारियों को व्यक्तिगत रूप से देखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आगमन से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएं। उन्होंने पुलिस, सुरक्षा बल और संबंधित एजेंसियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के आवागमन मार्ग और कार्यक्रम स्थल के आसपास विशेष निगरानी रखी जाएगी। यातायात प्रबंधन को भी प्राथमिकता दी जाएगी ताकि जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
आमजन से सहयोग की अपील
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नागरिकों से इस आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह दौरा प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यातायात एवं भीड़ प्रबंधन इस तरह किया जाए कि आम जनता को परेशानी न हो और आयोजन सुरक्षित, भव्य और सफलतापूर्वक संपन्न हो।
महिलाओं और परिवारों के लिए नई योजना
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री श्री मोदी इस अवसर पर ‘स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान’ की भी शुरुआत करेंगे। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम महिलाओं के स्वास्थ्य और सशक्तिकरण की दिशा में क्रांतिकारी पहल साबित होगा।
प्रमुख सचिव और कलेक्टर ने दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान प्रमुख सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन श्री राघवेन्द्र सिंह और धार कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने मुख्यमंत्री को तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम स्थल की सजावट, आवागमन मार्ग, सुरक्षा, मीडिया प्रबंधन और जनसुविधाओं से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
सोयाबीन फसल नुकसान पर त्वरित कार्रवाई
निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश के कलेक्टर्स को निर्देश दिए कि जिन जिलों में सोयाबीन की फसल मोजेक बीमारी से प्रभावित हुई है, वहां तत्काल सर्वेक्षण प्रारंभ किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को नुकसान का उचित मुआवजा मिले और यह प्रक्रिया शीघ्र एवं पारदर्शी तरीके से पूरी की जाए।
समग्र विकास की दिशा में बड़ा कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मित्रा पार्क से भैंसोला क्षेत्र में सामाजिक, आर्थिक और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी। किसानों को आधुनिक तकनीक आधारित उद्योगों से जुड़ने का मौका मिलेगा और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार की नई संभावनाएं पैदा होंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी का यह दौरा प्रदेश के लिए ऐतिहासिक है और इससे मध्यप्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर औद्योगिक मानचित्र पर विशेष पहचान मिलेगी।(प्रकाश कुमार पांडेय)





