भारतीय महिला क्रिकेट टीम की दिग्गज स्पिनर गौहर सुल्ताना ने 37 साल की उम्र में क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। इस साल जहां रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गजों ने संन्यास लेकर फैंस को भावुक किया, वहीं अब गौहर के रिटायरमेंट ने महिला क्रिकेट जगत को बड़ा झटका दिया है। बाएं हाथ की स्पिनर गौहर साल 2008 में इंटरनेशनल क्रिकेट में उतरी थीं और अपने दमदार प्रदर्शन से उन्होंने टीम इंडिया को कई मैचों में जीत दिलाई।
इंटरनेशनल करियर की शुरुआत और सफर
गौहर ने साल 2008 में भारत के लिए डेब्यू किया और कुल 87 इंटरनेशनल मैच खेले। इसमें 50 वनडे और 37 टी20 मुकाबले शामिल हैं। उन्होंने वनडे में 66 और टी20 में 29 विकेट चटकाए। हालांकि, 2014 के बाद उन्हें इंटरनेशनल स्तर पर खेलने का मौका नहीं मिला, लेकिन घरेलू क्रिकेट में वे लगातार सक्रिय रहीं।
वीमेंस प्रीमियर लीग में भी छोड़ी छाप
इंटरनेशनल क्रिकेट से दूर रहने के बाद भी गौहर ने महिला क्रिकेट लीग में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। 2024 और 2025 में वे यूपी वॉरियर्स टीम का हिस्सा रहीं। उनके शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन ने टीम को कई अहम मौकों पर बढ़त दिलाई।
संन्यास पर भावुक बयान
गौहर ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए संन्यास का एलान किया। उन्होंने लिखा, “भारत के लिए वर्ल्ड कप और विदेशी दौरों पर खेलना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है। हर विकेट और हर मैच ने मुझे न सिर्फ एक खिलाड़ी बल्कि एक इंसान के रूप में भी गढ़ा है।” रिटायरमेंट के बाद अब गौहर बीसीसीआई की लेवल-2 कोचिंग में योगदान दे रही हैं।





