गया/पटना/कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को बिहार और पश्चिम बंगाल के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे बिहार की जनता को 12,992 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। गया में पीएम मोदी छह बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और आठ परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। वहीं, पश्चिम बंगाल के सियालदह में मेट्रो समेत कई विकास योजनाओं का उद्घाटन करेंगे। पीएम मोदी का यह दौरा बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, ऊर्जा, परिवहन और पर्यटन क्षेत्र के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
बिहार से लेकर बंगाल तक सौगात की बरसात
बिहार को 12,992 करोड़ की सौगात
बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री मोदी 11,735 करोड़ रुपये की लागत वाली छह परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं बक्सर थर्मल पावर प्लांट (660 मेगावाट क्षमता, लागत 6,878 करोड़ रुपये)। मुंगेर का सीवरेज नेटवर्क और एसटीपी (लागत 523 करोड़ रुपये)। मुजफ्फरपुर में होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र (लागत 385 करोड़ रुपये)। मोकामा (औंटा)-सिमरिया गंगा ब्रिज (लागत 1,871 करोड़ रुपये)। बख्तियारपुर से मोकामा तक एनएच-31 सड़क सुधार (लागत 1,899 करोड़ रुपये)। बिक्रमगंज-दावथ-नवागर-डुमरांव सड़क को दो लेन में अपग्रेड (लागत 179 करोड़ रुपये)।
प्रधानमंत्री मोदी इसके साथ ही करीब 1,257 करोड़ रुपये की आठ परियोजनाओं का शिलान्यास भी करने वाले हैं। इनमें औरंगाबाद और दाउदनगर में सीवरेज नेटवर्क ही नहीं एसटीपी, जमुई और बरहिया में एसटीपी के साथ आईएंडडी, अमृत 2.0 योजना के तहत बोधगया, जहानाबाद और औरंगाबाद में जलापूर्ति व सीवरेज से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।
ट्रेन से लेकर आवास तक सौगात
प्रधानमंत्री मोदी आज शुक्रवार 22 अगस्त 2025 को जहां प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शहरी क्षेत्रों के 4,260 और ग्रामीण क्षेत्रों के 12,000 लाभार्थियों को गृह प्रवेश कराएंगे। वहीं पीएम इस दौरान पांच प्रतीकात्मक लाभार्थियों को उनके नए घर की चाबी भी सौंपने वाले हैं। जबकि रेलवे के क्षेत्र में प्रधानमंत्री मोदी गया-नई दिल्ली के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन और वैशाली से कोडरमा के बीच बुद्ध सर्किट ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इन ट्रेनों से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी और बिहार के पर्यटन को नया आयाम मिलेगा।
पीएम मोदी का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
11:00 बजे: मगध विश्वविद्यालय परिसर में मंच पर पहुंचकर विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन करेंगे।
12:30 बजे: हेलीकॉप्टर से सिमरिया रवाना होंगे।
1:30 बजे: सिमरिया पहुंचकर औंटा-सिमरिया पुल का जायजा लेंगे।
2:05 बजे: पटना के लिए रवाना होंगे।
2:50 बजे: पटना एयरपोर्ट से कोलकाता के लिए उड़ान भरेंगे।
4:00 बजे: कोलकाता एयरपोर्ट पर फ्लाइट लैंड करेगी।
बंगाल को मेट्रो की सौगात
पश्चिम बंगाल के सियालदह शहर को प्रधानमंत्री मोदी नई मेट्रो सेवा की सौगात देंगे। इसके अलावा वे बंगाल में कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे।
बिहार के लिए बड़ा कदम
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा से बिहार में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर होंगी, स्वच्छ जल और परिवहन सुविधा का विस्तार होगा। गंगा पर नए पुल और सड़कों से कनेक्टिविटी मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार तेजी से आर्थिक और सामाजिक प्रगति की ओर अग्रसर है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दौरा न केवल बिहार बल्कि बंगाल के लिए भी विकास की नई राहें खोलने वाला साबित होगा। गया से लेकर कोलकाता तक उनकी यात्रा के दौरान बुनियादी ढांचा, स्वास्थ्य, ऊर्जा, परिवहन और पर्यटन क्षेत्र में हो रही घोषणाएं आम जनता की जीवनशैली में बदलाव लाने की क्षमता रखती हैं। प्रकाश कुमार पांडेय





