नेशनल टूरिज्म अवॉर्ड से सम्मानित हुआ भारत का दिल — जानिए मध्यप्रदेश के 7 बेस्ट टूरिस्ट स्पॉट्स!
हाल ही में मुंबई में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड को प्रतिष्ठित ‘नेशनल टूरिज्म अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार ‘मोस्ट इफेक्टिव एंड ट्रांसफॉर्मेशनल इनिशिएटिव’ के लिए दिया गया, जिसमें राज्य ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नई सोच, बेहतर प्रबंधन और सांस्कृतिक विरासत के संवर्धन की अनूठी पहलें कीं।
मध्यप्रदेश को टूरिज्म अवॉर्ड पर सीएम ने दी बधाई
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस उपलब्धि पर अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर राज्यवासियों और टूरिज्म बोर्ड को बधाई दी और कहा, “मध्यप्रदेश ने फिर साबित किया कि हमारा राज्य संस्कृति, विरासत, और प्राकृतिक सौंदर्य में सबसे आगे है।”
मध्यप्रदेश के 7 सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्थल जिन्हें आपको जरूर देखना चाहिए
महाकालेश्वर मंदिर, उज्जैन
भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में एक, यह मंदिर आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र है। भस्म आरती की दिव्यता और सावन में उमड़ा जनसैलाब इसे विशेष बनाते हैं।
खजुराहो मंदिर, छतरपुर
UNESCO वर्ल्ड हेरिटेज साइट, खजुराहो अपनी कामकला मूर्तियों और वास्तुशिल्प के लिए प्रसिद्ध है।
हिंदू और जैन मंदिरों का अनूठा संगम है।
सांची स्तूप, रायसेन
बौद्ध धर्म से जुड़ा प्राचीन स्मारक, जिसे राजा अशोक की रानी देवी ने बनवाया था। इतिहास और शांति के संगम की प्रतीक यह जगह भोपाल से मात्र 46 किमी दूर है।
पचमढ़ी हिल स्टेशन
मध्यप्रदेश का इकलौता हिल स्टेशन, जिसे “सतपुड़ा की रानी” भी कहा जाता है। झरनों, गुफाओं और हरियाली के साथ-साथ ट्रेकिंग प्रेमियों के लिए स्वर्ग समान।
भीमबेटका रॉक शेल्टर्स, रायसेन
यहां पर मौजूद हैं हजारों साल पुराने शैल चित्र। यह शैल चित्र दुनिया की सबसे पुरानी मानव सभ्यता का प्रमाण माने जाते हैं। यह भी एक UNESCO विश्व धरोहर स्थल है।
कान्हा नेशनल पार्क, मंडला
भारत के सबसे सुंदर टाइगर रिजर्व में से एक, जहां रॉयल बंगाल टाइगर, बारहसिंघा, और जंगली कुत्ते देखे जा सकते हैं। बच्चों और प्रकृति प्रेमियों के लिए एक रोमांचकारी अनुभव।
ग्वालियर
ग्वालियर किला, तानसेन की समाधि, सास-बहू मंदिर, और जयविलास पैलेस म्यूजियम जैसे अद्भुत दर्शनीय स्थल। जयविलास पैलेस में दुनिया का सबसे भारी क्रिस्टल झूमर स्थित है।
भारत का दिल बना पर्यटन का सिरमौर
नेशनल टूरिज्म अवॉर्ड ने यह सिद्ध कर दिया है कि मध्यप्रदेश सिर्फ भौगोलिक केंद्र ही नहीं, बल्कि भारत के आध्यात्मिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक वैभव का भी केंद्र है। यह राज्य उन यात्रियों के लिए खास है जो धरोहर, संस्कृति, जंगल सफारी और शांत प्राकृतिक स्थल तलाशते हैं। अब जब देशभर से पर्यटक मध्यप्रदेश की ओर आकर्षित हो रहे हैं, तो आप कब जा रहे हैं भारत के दिल की यात्रा पर?





