Guru Purnima 2025: कुबेरेश्वरधाम में गुरु पूर्णिमा महोत्सव: आज दी जा रही गुरु दीक्षा, प्रसादी में 30 क्विंटल नुक्ती का भोग
श्रद्धालुओं को दी जा रही गुरु दीक्षा
गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध कुबेरेश्वरधाम (सीहोर) में भव्य आयोजन हो रहा है। सुबह से ही हजारों श्रद्धालु गुरु दीक्षा के लिए धाम में पहुंच रहे हैं। महोत्सव के पांचवें दिन कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के प्रवचन भी आयोजित किए जा रहे हैं, जो दोपहर 1 से 2:30 बजे तक होंगे। गुरु दीक्षा से पहले और बाद में श्रद्धालुओं के लिए भंडारे और शिव आराधना की व्यवस्था की गई है।
शिव कृपा से मिलती हैं मनोकामनाओं की पूर्ति
पंडित प्रदीप मिश्रा ने कहा, “कुबेरेश्वरधाम वह स्थल है जहां कंकर-कंकर में शंकर हैं। यहां आने वाले श्रद्धालुओं की हर मनोकामना भगवान शिव पूर्ण करते हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि जब शिव की कृपा होती है, तब जीवन में सुख, समाधान और शांति अपने आप मिलने लगती है। उनका संदेश था – “सभी देवी-देवता एक ही परमेश्वर के स्वरूप हैं।”
नुक्ती का भोग, पंडालों में उमड़ा जनसैलाब
धाम में इस बार पिछले वर्षों की तुलना में अधिक भव्य व्यवस्था की गई है। जहां पहले केवल एक पंडाल लगाया जाता था, इस बार 10 से अधिक डोम और पंडाल श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगाए गए हैं। लेकिन फिर भी श्रद्धालुओं की संख्या इतनी अधिक है कि पंडाल छोटे पड़ते दिख रहे हैं। भंडारे में 30 क्विंटल से अधिक नुक्ती श्रद्धालुओं को प्रसाद के रूप में वितरित की जा रही है।
शिवमहापुराण कथा का भी आयोजन
बुधवार से शुरू हुई शिवमहापुराण कथा की शुरुआत पंडित प्रदीप मिश्रा ने “हर हर महादेव, घर-घर महादेव, जन-जन महादेव” के उद्घोष के साथ की। आयोजन का संचालन पंडित समीर शुक्ला और पंडित विनय मिश्रा कर रहे हैं। शिवमहापुराण कथा और गुरु दीक्षा के जरिए श्रद्धालुओं में गहरी श्रद्धा और भक्ति का संचार हो रहा है।
प्रकाश कुमार पांडेय





