भारत समेत दुनिया के विभिन्न देशों में शुक्रवार 14 मार्च 2025 को होली का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। देशभर की विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों ने होली की बधाई दी। बता दें कि होली के साथ इस बार रमजान माह में जुमा की नमाज भी पढ़ी गई। इसे लेकर देश के विभिन्न स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। वहीं यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ होली पर गोरखपुर पहुंचे। जहां उन्होंने गोरखनाथ मंदिर में होली खेली।
संभल में होली के बाद हुई नमाज
यूपी के संभल में होली खेलने के बाद जामा मस्जिद में शांतिपूर्ण तरीके नमाज भी अदा की गई। होली और जुमा एक ही दिन होने से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये। ऐसे में कानून व्यवस्था बिगड़ने का डर था। लेकिन होली खेलने के बाद शंातिपूर्ण तरीके से नमाज अदा की गई। ऐसे में सब कुछ शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न किया गया।
संभल सीओ अनुज चौधरी ने बताया कि सभी ने पहले प्रेम से होली मनाई। इसके बाद लोग नमाज अदा करने मस्जिद पहुंचे।। नमाज भी शांतिपूर्वक हुई। बता दें इस बार होली का जुलूस बहुत बड़ा था। जिसमें करीब 3 हजार से अधिक लोग शामिल हुए थे, लेकिन सब कुछ शांतिपूर्वक संपन्न किया गया है।
उत्तर प्रदेश के संभल में स्थित मस्जिद के पास से जब होली का जुलूस गुजरा तो जुलूस में शामिल लोगों की आवाजाही को नियंत्रित करने के साथ ही कानून-व्यवस्था को भी बनाए रखने के लिए मौके पर पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया था। संभल एसपी केके बिश्नोई ने बताया कि दोपहर 2:30 बजे से पहले होली मनाई गई और इसके बाद 2:30 बजे के बाद जुमे की नमाज अदा की गई।
कंट्रोल रुम से नजर बनाए रहे यूपी डीजीपी
वहीं उत्तर प्रदेश के डीजीपी प्रशांत कुमार ने होली और जुमे की नमाज के मद्देनजर सुरक्षा के निर्देश दिए थे। डीजीपी समय समय पर पुलिस मुख्यालय स्थित कंट्रोल रूम का निरीक्षण करने पहुंचे। उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था और कार्यकुशलता की जानकारी डीजीपी ने प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दिल्ली की जामा मस्जिद में हुई नमाज
वहीं दिल्ली की जामा मस्जिद में भी इस बार होली और रमजान को लेकर प्रशासन की ओर से खास इंतजाम किये गये। होली के साथ ही जुमा की नमाज पढ़ी गई। आज रमजान का दूसरा जुमा था, ऐसे में अवसर पर दिल्ली की जामा मस्जिद में मुस्लिम धर्म क लोगों ने नमाज अदा की।