मध्यप्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र शुरू हो गया है। सोमवार 16 दिसंबर को सत्र के पहले ही दिन कांग्रेस ने अपने तेवर दिखा दिए हैं। कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता जहां रेडक्रास चौराहे पर लगी शिवाजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर विधानसभा के घेराव के लिए कूच किया तो वहीं कांग्रेसी विधायकों ने सदन के बाहर खाद की कमी के मुद्दे को लेकर जमकर हंगामा किया।
- ट्रैक्टर से विधानसभा के लिए निकले कांग्रेस विधायक
- किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन
- सरकार पर किसान विरोधी होने के लगाए आरोप
- टैक्टर से विधानसभा जा रहे कांग्रेसी विधायकों को रास्ते में रोका
- पुलिस और विरोध कर रहे विधायकों में हुई तीखी बहस
- पुलिस ने रोका तो पैदल ही विधानसभा के लिए निकले विधायक
2 विधायकों ने ली शपथ
बता दें विधानसभा के शीतकालीन सत्र की शुरुआत सोमवार 16 दिसंबर को वंदे मातरम के साथ की गई। इसके बाद विधानसभा के उप चुनाव में जीत कर आए सदस्यों ने शपथ ग्रहण की। नए विधायक बुधनी से बीजेपी विधायक रमाकांत भार्गव, छिदंवाड़ा जिले की अमरवाड़ा से बीजेपी विधायक कमलेश प्रताप शाह को विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने शपथ दिलाई। बता दें इस बीच कांग्रेसी विधायकों ने विधानसभा परिसर में गांधी प्रतिमा के सामने जमकर प्रदर्शन किया। कांग्रेसी विधायकों ने खाद और बीज की किल्लत को लेकर सदन के बाहर सरकार के खिलाफ जमकर हंगामा किया। कांग्रेस विधायकों का कहना था कि यह सरकार एक साल में किसानों को खाद-बीज उपलब्ध नहीं करा सकी है। जब कांग्रेस के विधायक किसानों की आवाज बन रहे हैं तो सरकार दमनकरते हुए हमें रोक रही है।
कांग्रेसियों का कहना था कि वे डरने वाले नहीं हैं। कांग्रेस सड़क से सदन तक की लड़ाई लड़ती रहेगी। वहीं कांग्रेस के प्रदर्शन पर बीजेपी के विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि मध्य प्रदेश के किसानों को सरकार की ओर से पर्याप्त खाद बीज मिल रहा है।मध्य प्रदेश में कांग्रेस को दरअसल खाद बीज नहीं मिल रहा है। इसलिए कांग्रेसी सूखते जा रहे हैं और इस तरह के आंदोलन कर वे अपने आप को हरा-भरा रखना चाहते हैं। लेकिन अब मध्यप्रदेश में यह यहां संभव नहीं है। रामेश्वर शर्मा ने कहा कई गुटों में बंटी कांग्रेस अपने-अपने नेताओं और आकाओं को खुश करने के लिए इस तरह के प्रदर्शन करने पर मजबूर है।
कमलनाथ बोले- MP में घोटाला ही घोटाला
इधर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी पहले दिन विधानसभा पहुंचे और सरकार के खिलाफ आवाज उठाई। कमलनाथ ने कहा मध्य प्रदेश घोटाले का प्रदेश बन गया है। प्रदेश में हर योजना में घोटाला ही हो रहा है। जिधर देखो उधर मध्यप्रदेश में घोटाला ही घोटाला नजर आता है। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इस दौरान कहा कि प्रदेश घोटाले का प्रदेश बन गया है।प्रदेश की हर सरकारी योजना में घोटाला हो रहा है। जिधर देखें उधर केवल घोटाला ही नजर आता है।
ट्रैक्टर पर सवार कांग्रेस विधायकों को पुलिस ने उतारा
बता दें विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन कांग्रेस ने अनोखा प्रदर्शन किया। कांग्रेसी विधायकों ने एक ट्रैक्टर में सवार होकर विधानसभा की ओर कूच किया। उनके हाथ में खाद की बोरियां थीं। लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रास्ते में ही उन्हें रोक दिया। कांग्रेसी इस दौरान जय जवान-जय किसान का नारा लगाकर विरोध करते नजर आए। वहीं मौके पर मौजूद विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कांग्रेस विधायकों को सदन में जाने से रोका जा रहा है। ट्रैक्टर पर सवार कांग्रेसी विधायकों को रोके जाने के बाद वे पैदलमार्च करते हुए विधानसभा पहुंचे।





