बिहार में हुई एक और पार्टी की एंट्री
चुनावी रणनीतिकार के रूप मे देश में नाम पा चुके प्रशांत किशोर ने ऐलान किया है कि वो बिहार विधानसभा चुनावों में हिस्सा लेंगे। प्रशांत किशोर ने कहा कि वो अपनी पार्टी जनसुराज के झंडे तले उम्मीदवार खड़ें करेंगे। बिहार में अगले साल विधानसभा के चुनाव होने है। अभी तक बिहार विधानसभा के चुनावों में आर जे डी और जे डी यू के बीच टक्कर देखी जा सकती है। अब 2025 के विधानसभा चुनावों में लालू प्रसाद यादव, तेजस्वी यादव, नीतिश कुमार और चिराग पासवान के साथ साथ अब प्रशांत किशोर की एंट्री चुनावों में क्या रंग दिखाएगी हांलाकि पिछले विधानसभा चुनावों में चिराग पासवान ने विधानसभा चुनावों के नतीजों को बुरी तरह से प्रभावित किया था। हांलाकि राजनैतिक महारथियों के इस राज्य में प्रशांत किशोर के लिए पैर जमाना आसान नहीं है। लेकिन इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता कि प्रशांत किशोर की जनसुराज की मौजूदगी से मुख्य विपक्षी दलों में हलचल है। खासकर बात करें RJD के तेजस्वी यादव की तो RJD के सामने अब एक नहीं दो दो बड़ी चुनौतियां है। 2020 के विधानसभा चुनावों में चिराग पासवान ने सत्ताधारी नीतिश कुमार को चुनौती देकर RJD की राह आसान कर दी थी। लेकिन अब लोकसभा चुनावों के बाद चिराग और नीतिश कुमार साथ साथ है। ऐसे मे डर इस बात का है कि जनसुराज की मौजूदगी से RJD को सीधे तौर पर चुनौती मिल सकती है क्योंकि फिलहाल RJD ही मुख्य विपक्षी दल है और अगर जनसुराज उसके वोट काटेगी तो तेजस्वी के लिए सत्ता की राह और कठिन हो जाएगी।




