मध्य प्रदेश: हरदा पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट: 11 की मौत, 100 से अधिक घायल; सीएम मोहन यादव ने बुलाई आपात बैठक
मध्य प्रदेश के हरदा में एक पटाखा फैक्ट्री में आग लगने से 100 से ज्यादा लोगों के घायल होने और कम से कम 11 लोगों की मौत की खबर है. धमाके की वजह से आसपास के 60 से ज्यादा घरों में आग लग गई. 11 लोगों की मौत हो गई. 100 से ज्यादा लोग घायल हैं. फैक्ट्री के आसपास सड़क पर कुछ शव पड़े दिख रहे हैं. 25 से ज्यादा घायलों को हरदा जिला अस्पताल ले जाया गया है
मकान खाली कराए गए
प्रशासन ने 100 से ज्यादा घरों को खाली करा लिया है. धमाके के प्रभाव से कई राहगीर वाहन समेत दूर जा गिरे। फैक्ट्री में रुक-रुक कर धमाके हो रहे हैं. फैक्ट्री मगरधा रोड पर बैरागढ़ गांव में है।
सीएम ने बुलाई आपात बैठक
घटना को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राज्य के सभी अधिकारियों की आपात बैठक बुलाई है. इंदौर और भोपाल से फायर ब्रिगेड भेजी जा रही हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय का कहना है कि मंत्री उदय प्रताप सिंह, अपर मुख्य सचिव अजीत केसरी, डीजी (होमगार्ड) अरविंद कुमार हेलीकॉप्टर से घटना स्थल पर पहुंच रहे हैं.
अस्पतालों को अलर्ट किया गया
भोपाल और इंदौर के अस्पतालों को अलर्ट कर दिया गया है. मेडिकल कॉलेज और एम्स भोपाल में बर्न यूनिट को जरूरी तैयारी करने के लिए कहा गया है।
हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने मोर्चा संभाल लिया. आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी पहुंचीं. धमाकों का सिलसिला थम नहीं रहा है, जिससे राहत और बचाव कार्य प्रभावित हो रहा है.
फैक्ट्री में 30 से ज्यादा मजदूर काम कर रहे थे
घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया जा रहा है। आग लगने के वक्त फैक्ट्री में 30 से ज्यादा कर्मचारी काम कर रहे थे. यह भी आशंका है कि घायलों और मृतकों में बच्चे और महिलाएं भी हो सकती हैं. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह पटाखा फैक्ट्री राजू अग्रवाल की है. धमाके इतने भीषण थे कि आसपास के घर ढह गए.





