केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया बीजेपी में शामिल होने से पहले करीब 19 से 20 साल कांग्रेस में रहे। अब उन्हें कांग्रेस छोड़ने के बाद याद आया है कि कांग्रेस तुष्टीकरण करती है। दरअसल विधानसभा चुनाव के लिए सिंधिया को बीजेपी ने ग्वालियर चंबल अंचल की जिम्मेदारी सौंपी है। ऐसे में सिंधिया अशोकनगर के चंदेरी पहुंचे। जहां पिपरई में बीजेपी बूथ समिति संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए।
- ज्योतिरादित्य सिंधिया करीब 19 से 20 साल रहे कांग्रेस
- 2020 में कहा था कांग्रेस से अलविदा
- कांग्रेस छोड़ने के बाद सिंधिया को अब याद आया
- कहा—कांग्रेस तुष्टीकरण करती है कांग्रेस
- चंदेरी में बीजेपी बूथ समिति संवाद कार्यक्रम
- केन्द्रीय मंत्री सिंधिया हुए शामिल
- कांग्रेस को जमकर खरीखोटी सुनाई
- इस देश के टुकड़े टुकड़े करना चाहती है कांग्रेस
- कांग्रेस ने दशकों तक राज किया,लेकिन नहीं किया विकास
कांग्रेस के 75 साल के इतिहास को सिंधिया ने गिनाया
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कांग्रेस को जमकर खरीखोटी सुनाई। उसके 75 साल के इतिहास को लेकर बखिया उधेड़ी और कहा एक ओर वो दल है जिसकी सोच तुष्टीकरण की है, जो इस देश के टुकड़े टुकड़े करना चाहती है। दूसरी तफ वो दल है जो मां भारती की सेवा में अपने जीवन का बलिदान देता है। कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए सिंधिया ने बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं के नाम भी गिनाए और राजमाता विजयराजे सिंधिया, अटल बिहारी वाजपेई, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जैसे नेताओं का भी उदाहरण दिया और कहा हमारे संस्थापकों के दिखाए पथ पर चलते हुए हमें आगे बढ़ना है। सिंधिया ने कहा कांग्रेस ने मध्य प्रदेश पर दशकों तक राज किया। लेकिन विकास के एक भी काम नहीं किया। सड़कों के हाल बेहाल थे। बिजली तो सिर्फ दो-तीन घंटे के लिए ही आती थी। कांग्रेस के शासन को जनता कभी नहीं भूल सकती। जिस पार्टी के वरिष्ठ नेता एक दूसरे के कपड़े फाड़ते हैं, और अपशब्द सुनने की पावर ऑफ अटॉर्नी देते हैं, उनका भरोसा नहीं किया जा सकता। अगर यह गलती से भी सत्ता में आ गए तो जनता का क्या हाल करेंगे?
कुर्सी देखते ही चमकनेे लगती है छोटे भाई बड़े भाई की आंख
पिपरई पहुंचे उन्होंने दिग्विजय सिंह और कमलनाथ पर तंज कसते हुए कहा की कुर्सी की चिंता तो उन दो लोगों को है। कौन से दो भाई। छोटे भाई, बडे भाई। जब उस जोडी़ को कुर्सी दिख जाती है तो कहते हैं आजा आजा। वहीं बीजेपी एक ऐसी पार्टी है जहां भगवान के नारे लगते हैं। जय जय श्री राम कहते हैं। वहीं कांग्रेस में एक मनुष्य के नारे लगते हैं। जय जय कमलनाथ जय दिग्विजय। बता दें अशोकनगर के पिपरई, सेहराई,थूवोन बूथ समिति संवाद कार्यक्रम में सिंधिया ने पोलिंग बूथ प्रभारी पन्ना प्रमुख समितियों से उनकी टेबलों पर जाकर भेंट की। समस्त प्रभारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियों से सभी को अवगत कराया। सिंधिया ने कहा कि सभी लोग मिलकर काम करेंगे तो हमारी जीत निश्चित है। भारतीय जनता पार्टी में कहा जाता है कि मेरा बूथ सबसे मजबूत अगर बूथ मजबूत तो चुनाव जीता जाता है। सभी को एक साथ होकर इस चुनाव में लड़ाई लड़ना है। मुंगावली विधानसभा से हम अपने प्रत्याशी को जिताकर भेजेंगे। प्रदेश में भाजपा की सरकार का परचम पुनः लहराएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मध्य प्रदेश पर दशकों तक राज किया, पर विकास के एक भी काम नहीं किया।
सेनापति करेगा किले की हिफाजत
दरअसल मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के बीच केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अब फुल एक्शन मोड में आ गए हैं। वे निरंतर कांग्रेस नेताओं पर हमलावर हैं। इस बीच सिंधिया ने कमलनाथ और दिग्विजय सिंह को लेकर जमकर निशाना साधा। सिंधिया ने तंज कसते हुए दिग्विजय सिंह और कमलनाथ को बड़े भाई-छोटे भाई कहकर संबोधित किया। उन्होंने कहा कुर्सी देखते ही दोनों की आंख चमकने लगती है। कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए सिंधिया ने कहा कि उनका सेनापति अपने किले की हिफाजत करेगा।




