यशोधरा राजे सिंधिया नहीं लड़ेंगी चुनाव,क्या सता रहा है हार का डर
शिवराज सरकार में कैबिनेट मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया इस बार चुनाव के मैदान से दूर रह सकती हैं। उन्होंने बीजेपी संगठन को विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए मना कर दिया है। यशोधरा ने इसकी वजह खराब स्वास्थ्य बताया है। वे केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व को भी अपने मन की बात बता चुकी हैं। इतना ही नहीं समर्थकों से भी इस बार में उन्होंने चर्चा की है। यशोधरा राजे सिंधिया ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि उन्हें चुनाव जीतने में कहीं कोई समस्या नहीं है, लेकिन स्वास्थ्य साथ न देने के चलते वे चुनावी दौरा करने की स्थिति में नहीं हैं। बता दें पिछली बार कोरोना के समय वे चार बार इसका शिकार हुईं थीं। जिसके चलते उन्हें शारीरिक तौर पर कमजोरी महसूस हो रही है। ऐसे में वे चुनाव के दौरान परिश्रम करने की स्थिति में नहीं हैं। चुनाव में लगातार भाग-दौड़ होने से उनकी परेशानी बढ़ सकती है। इसके चलते वे चुनाव न लड़कर फिलहाल 5-6 माह आराम करना चाहती हैं। वरिष्ठ नेताओं ने मुलाकात के दौरान उन्हें आश्वासन दिया गया कि जल्द नेतृत्व निर्णय लेगा।



