भोपाल गैस त्रासदी के 41 साल…2-3 दिसंबर 1984 की वो काली रात फिर याद…
तीसरी पीढ़ी तक पहुंचा त्रासदी का जहर…अब भी जारी है दर्द
भोपाल स्थित यूनियन कार्बाइड संयंत्र से दो-तीन दिसंबर 1984 की रात को जहरीली गैस का रिसाव हुआ था। इस रात हजारों लोग मौत की नींद सो गए थे और बड़ी संख्या पर इस जहरीली गैस ने अपना गहरा प्रभाव छोड़ा था। यह संयंत्र हादसे के बाद बंद तो हो गया, लेकिन इस त्रासदी का जहर आज 41 साल बाद भी लोगों की जिंदगी में जिंदा है। गैस की चपेट में आए लोग तो आज भी बीमारियों से जूझ रहे हैं, लेकिन सबसे दर्दनाक सच यह है कि जन्म लेने वाली नई पीढ़ी भी इसकी मार से नहीं बच पा रही। हर साल 3 दिसंबर को इस हादसे को याद किया जाता है, और पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी जाती है। आइए देखते हैं यह खास रिपोर्ट…
भोपाल की काली रात याद
2 और 3 दिसंबर 1984 की वो रात
आधी रात को नींद में डूबा था शहर
जहरीली गैस ने छीन ली जिंदगी
हजारों लोगों की नींद में ही थम गईं सांसें
पूरा शहर बन गया था गैस चैंबर
धुंध में खो गया था भोपाल
चीखों ने तोड़ी थी रात की खामोशी
सड़कों पर बिछ गए थे शव
अस्पतालों में हाहाकार मचा
आज भी बाकी है दर्द के निशान
तीसरी पीढ़ी तक गैस त्रासदी का असर
जीन और डीएनए प्रभावित
इलाज में मिलती सिर्फ निराशा
सरकारों के वादे अधूरे अब भी
मेमोरियल पर हर साल श्रद्धांजलि
पीड़ितों के सवाल अनसुने अब तक
नवंबर का महीना खत्म हुए कुछ ही दिन हुए थे। रातें सर्द और लंबी होने लगी थीं। 2-3 दिसंबर की दरम्यानी रात को जब भोपालवासी अपने घरों में चैन की नींद सो रहे थे, किसी ने सोचा भी नहीं था कि इसी रात उनकी जिंदगी हमेशा के लिए बदलने वाली है। अचानक आधी रात के आसपास एक ऐसी मौत की धुंध शहर पर छाने लगी जिसने देखते ही देखते हजारों लोगों की सांसें छीन लीं।
1984 की यह गैस त्रासदी दुनिया की सबसे भयानक औद्योगिक आपदा साबित हुई। जिसने न सिर्फ हजारों जानें लीं, बल्कि कई पीढ़ियों को अपंगता, बीमारी और डर की जिंदगी दे दी। उस रात पूरा शहर गैस चैंबर में बदल चुका था। आंखें जलने लगीं, गला सूखने लगा, और हजारों लोग सड़कों पर गिरते-पड़ते अपनी जान बचाने की कोशिश में दौड़ पड़े… पर मौत धुएं के बादलों में तैरती हर गली से गुजर रही थी।
भोपाल में यूनियन कार्बाइड लिमिटेड की फैक्ट्री थी, जहां कीटनाशक बनाने का काम होता था। किसी को अंदाजा नहीं था कि यही फैक्ट्री दुनिया की सबसे बड़ी औद्योगिक त्रासदी का केंद्र बन जाएगी। 2 दिसंबर की रात, टैंक नंबर–610 से मिथाइल आइसोसाइनेट (MIC) गैस का रिसाव शुरू हुआ। पानी के संपर्क में आते ही गैस का दबाव बढ़ गया और जहरीला बादल तेजी से शहर की ओर फैलने लगा।
कुछ ही मिनटों में भोपाल का बड़ा हिस्सा घातक धुंध में घिर गया। गैस के बादल नीचे उतरने लगे और घरों के अंदर घुसने लगे। लोग पूरी तरह अंजान थे… जब तक असर महसूस हुआ, तब तक देर हो चुकी थी।
रात का सन्नाटा चीखों से गूंज उठा
लोगों को सांस लेने में तकलीफ, आंखों में तेज जलन, उलझन और घबराहट होने लगी। बच्चे रो रहे थे, बुजुर्ग गिरते जा रहे थे, और पूरे शहर में अफरा-तफरी मच गई। हंसती-खेलती सड़कें कुछ ही घंटों में बेजान शरीरों से भर गईं।
अस्पतालों में हाहाकार मच गया। डॉक्टर्स खुद समझ नहीं पा रहे थे कि मरीजों को कैसे बचाया जाए। शहर के बाहर रहने वाले लोग भी गैस की मार महसूस कर रहे थे। 3 दिसंबर की सुबह जब सूरज निकला… दुनिया ने इंसानी इतिहास की सबसे दर्दनाक घटनाओं में से एक को देखा। सरकारी आंकड़ों में लगभग 3,000 मौतें दर्ज हुईं, पर वास्तविक संख्या कहीं अधिक मानी जाती है—हजारों लोग इस गैस की धीमी मौत के शिकार हुए।
इलाज के नाम पर सिर्फ ‘इंतजार की डोज’
पीड़ितों का कहना है कि भोपाल मेमोरियल अस्पताल, जो गैस पीड़ितों के लिए बनाया गया था, वहां आज भी सही इलाज नहीं मिलता। “दवा खत्म”, “डॉक्टर नहीं”, “जांच बाद में होगी”—यहां हर शिकायत के जवाब में एक ही वाक्य सुनाई देता है:
“यह गैस का असर है…अब यह तो रहेगा ही। मजबूरी में लोग महंगे निजी अस्पतालों का रुख करते हैं। गैस पीड़ितों की जिंदगी इलाज के इंतजार में ही बीत रही है।
क्या गैस त्रासदी अभी भी खत्म नहीं हुई?
वैज्ञानिक रिपोर्टें कहती हैं—MIC गैस जीनो-टॉक्सिक है। यानी यह डीएनए और क्रोमोसोम पर सीधा असर करती है।
गैस पीड़ित परिवारों के बच्चों में जन्मजात विकृतियां
कमजोर दिमाग
कैंसर
विकास में देरी
सामान्य से कई गुना ज्यादा शिशु मृत्यु दर
गर्भपात की बढ़ी हुई दर
नैशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एनवायरन्मेंटल हेल्थ की रिपोर्ट में साफ कहा गया है कि इसका असर तीसरी पीढ़ी तक पहुंच चुका है और भयावह रूप में दिख रहा है। गैस रिसाव के बाद हजारों लोग शहर छोड़कर भागने लगे। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, सभी जगह अफरा-तफरी मची रही। अखबारों में लगातार मौतों के आंकड़े छप रहे थे और भोपाल का नाम दुनिया की सबसे खतरनाक औद्योगिक भूल की मिसाल बन चुका था। आज 41 साल बाद… समय जरूर बदल गया है, लेकिन दर्द वहीं खड़ा है। हर साल 3 दिसंबर को स्मारक पर मोमबत्तियां जलाई जाती हैं, भाषण होते हैं, वादे किए जाते हैं—पर पीड़ितों की बस्तियों में आज भी वही कराह, वही परेशानी और वही सवाल गूंज रहा है—
“मौत उस रात आई थी… लेकिन हमें जीते-जी कौन मार रहा है?”
41 साल बीत गए… नई पीढ़ियाँ जन्म ले चुकीं… वक्त बदल गया, लेकिन भोपाल गैस त्रासदी का दर्द आज भी खत्म नहीं हुआ। घाव अब भी सीने में धड़कते हैं—किसी के फेफड़ों में, किसी के शरीर में, किसी के जीन में, और किसी के घर की खाली चौखट में। सरकारें बदलीं, अस्पताल बने, मुआवजे की फाइलें खुलीं, पर पीड़ितों का दर्द आज भी जस का तस है। 3 दिसंबर की मोमबत्तियाँ हर साल जलती हैं… लेकिन गैस पीड़ितों की गलियों में आज भी वही कड़वाहट, वही दर्द और वही इंतजार जिंदा है।