चीन-भारत सीमा मामलों पर 36वां परामर्श सत्र आयोजित
चीन-भारत सीमा मामलों पर परामर्श एवं समन्वय कार्य तंत्र का 36वां सत्र गुरुवार को नई दिल्ली में आयोजित किया गया। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता चीनी विदेश मंत्रालय के सीमा एवं समुद्री मामलों की महानिदेशक होउ यानछी और भारतीय विदेश मंत्रालय के पूर्वी एशिया प्रभाग के संयुक्त सचिव सुजीत घोष ने की। इस बैठक में दोनों देशों के विदेश, रक्षा, गृह और आप्रवासन विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने खुले और मैत्रीपूर्ण माहौल में रचनात्मक बातचीत की। उन्होंने चीन-भारत सीमा मुद्दे पर विशेष प्रतिनिधियों की 24वीं बैठक में बनी सहमति को आगे लागू करने पर गहन चर्चा की। साथ ही, दोनों पक्षों ने विशेष प्रतिनिधियों की 25वीं बैठक की तैयारियों को लेकर भी सहमति जताई।
इसके अलावा, बैठक में सीमा निर्धारण, सीमा प्रबंधन, संबंधित संस्थागत व्यवस्थाओं और सीमा पार सहयोग जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया। दोनों पक्षों ने राजनयिक और सैन्य स्तर पर संवाद बनाए रखने तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने पर सहमति व्यक्त की।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)