पटना। बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी चुनौती मिली है। पाकिस्तान के आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े तीन आतंकियों के नेपाल बॉर्डर से बिहार में घुस आने की खबर के बाद पुलिस मुख्यालय (PHQ) ने पूरे राज्य में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। इससे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हड़कंप मच गया है और सीमावर्ती जिलों में कड़ी चौकसी बरती जा रही है।
आतंकियों की पहचान
बिहार पुलिस ने जिन आतंकियों को लेकर अलर्ट जारी किया है, उनकी पहचान इस प्रकार हुई है।
हसनैन अली (निवासी रावलपिंडी, पाकिस्तान)
आदिल हुसैन (निवासी उमरकोट, पाकिस्तान)
मोहम्मद उस्मान (निवासी बहावलपुर, पाकिस्तान)
पुलिस ने इन तीनों आतंकियों के नाम और तस्वीरें सार्वजनिक कर दी हैं। इसके अलावा इनके पासपोर्ट से जुड़ी जानकारी भी एजेंसियों के बीच साझा की गई है।
नेपाल के रास्ते घुसे
सूत्रों के मुताबिक, ये आतंकी अगस्त के दूसरे हफ्ते में काठमांडू पहुंचे थे। इसके बाद अगस्त के तीसरे हफ्ते में नेपाल की सीमा से बिहार में दाखिल हुए। एजेंसियों को आशंका है कि ये आतंकी किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की फिराक में थे। इस जानकारी के बाद बिहार समेत उत्तर भारत की सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है।
जैश-ए-मोहम्मद के 3 आतंकी नेपाल बॉर्डर से बिहार में घुसे
बिहार पुलिस मुख्यालय (PHQ) ने पूरे राज्य में हाई अलर्ट जारी किया
सीतामढ़ी, मधुबनी समेत सीमावर्ती जिलों में कड़ी चेकिंग
विधानसभा चुनाव से पहले बढ़ी सुरक्षा एजेंसियों की चिंता
आतंकियों में एक की पहचान – हसनैन अली, निवासी रावलपिंडी (पाकिस्तान)
तलाशी अभियान जारी, पुलिस और खुफिया एजेंसियां अलर्ट मोड पर।
सीमावर्ती जिलों में कड़ी चौकसी
पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। खासकर नेपाल से सटे सीमावर्ती जिलों सीतामढ़ी, मधुबनी, पश्चिम चंपारण, अररिया, किशनगंज और सुपौल में गहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसके अलावा भागलपुर और अन्य जिलों में भी सुरक्षा को लेकर अलर्ट जारी है। रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, होटल और भीड़भाड़ वाले इलाकों में तलाशी अभियान तेज़ कर दिया गया है।
चुनावी मौसम में बढ़ी चिंता
बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले आतंकी घुसपैठ की यह खबर सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकती है। आशंका जताई जा रही है कि आतंकी चुनावी माहौल का फायदा उठाकर राज्य में अशांति फैलाने की कोशिश कर सकते हैं। यही वजह है कि PHQ ने विशेष सतर्कता बरतने के आदेश दिए हैं।
जनता से सहयोग की अपील
पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि संदिग्ध लोगों की सूचना तुरंत स्थानीय थाने या हेल्पलाइन नंबर पर दें। साथ ही, बिना वेरिफिकेशन किसी भी अनजान व्यक्ति को घर या ठहरने की जगह देने से बचने की सलाह दी गई है। इस तरह यह मामला अब बिहार की सुरक्षा एजेंसियों और इंटेलिजेंस नेटवर्क के लिए टॉप प्रायोरिटी बन चुका है। (प्रकाश कुमार पांडेय)





