48 दिनों में उजड़ गई एक नई जिंदगी
महाराष्ट्र के ठाणे में 26 वर्षीय एक नवविवाहिता ने शादी के महज 48 दिन बाद ही आत्महत्या कर ली। इस मामले में पुलिस ने नवविवाहिता के डॉक्टर पति को गिरफ्तार कर लिया है। महज 48 दिन पहले शादी के बंधन में बंधी 26 वर्षीय विशाखा तिलकर की जिंदगी इतनी मुश्किलों से भर गई कि उन्होंने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया। मुंबई के पास अंबरनाथ में रहने वाली विशाखा की मौत ने एक बार फिर दहेज और घरेलू उत्पीड़न के गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
“CCTV की निगरानी, मारपीट और दहेज का दबाव! शादी के 48 दिन बाद युवती ने की आत्महत्या”..
डॉक्टर पति पर हर गतिविधि पर नजर रखने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि विशाखा के पति Nitin Tilkar ने घर के अंदर और बाहर कई CCTV कैमरे लगवा रखे थे। इन कैमरों के जरिए वह विशाखा की हर गतिविधि पर नजर रखता था। परिवार का दावा है कि किसी से भी बात करने पर उसे सवालों और मारपीट का सामना करना पड़ता था।
महिला पड़ोसी से बात करने पर हुई थी पिटाई
परिजनों के मुताबिक आत्महत्या से दो दिन पहले विशाखा ने एक महिला पड़ोसी से बातचीत की थी। इस बात से नाराज होकर ससुराल पक्ष ने उसकी पिटाई की। आरोप है कि लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना ने उसे गहरे अवसाद में धकेल दिया।
दहेज और पैसों की मांग का भी आरोप
विशाखा के परिवार का कहना है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष नाराज था। उनका आरोप है कि शादी में अपेक्षित उपहार और सम्मान नहीं मिलने से ससुराल वाले असंतुष्ट थे। इसके बाद ससुराल पक्ष ने विशाखा पर मायके से आभूषण-पैसे लाने का दबाव बनाया।
मां को बताई थी अपनी पीड़ा
परिजनों के अनुसार विशाखा ने अपनी मां को फोन पर प्रताड़ना की पूरी जानकारी दी थी। परिवार उसे वापस घर लाने की तैयारी कर रहा था, लेकिन इससे पहले ही उन्हें उसकी आत्महत्या की खबर मिल गई।
पति गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
मामले में अंबरनाथ के शिवाजीनगर थाने में पति नितिन तिलकर, सास छाया तिलकर और देवर निनाद तिलकर के खिलाफ मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न तथा आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।