2026 वैश्विक सेवा व्यापार शिखर सम्मेलन 9 सितंबर को चीन की राजधानी पेइचिंग में आयोजित
हुआ। इसमें चीनी उप प्रधानमंत्री तिंग श्वेश्यांग ने हिस्सा लिया और मुख्य भाषण दिया।
तिंग श्वेश्यांग ने कहा कि सेवा व्यापार अंतरराष्ट्रीय व्यापार का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है और विश्व
आर्थिक विकास तथा औद्योगिक उन्नयन को बढ़ावा देने में इसकी भूमिका लगातार बढ़ रही है।
चीन सेवा व्यापार के विकास को सक्रिय रूप से बढ़ावा दे रहा है। सेवा क्षेत्र में खुलापन लगातार गहरा
और विस्तृत हो रहा है, सेवा व्यापार का पैमाना बढ़ रहा है और इसकी संरचना में भी लगातार सुधार
हो रहा है। इससे दुनिया के विभिन्न देशों और उद्यमों के लिए अधिक नए अवसर पैदा हो रहे हैं।
तिंग श्वेश्यांग ने कहा कि वर्तमान में अंतरराष्ट्रीय आर्थिक और व्यापारिक व्यवस्था में तेजी से
बदलाव हो रहा है। सेवा व्यापार का तेज विकास और सेवा उद्योग में खुले सहयोग को बढ़ावा देना न
केवल चीन की जरूरत है, बल्कि पूरी दुनिया की आवश्यकता भी है। उन्होंने अपने संबोधन में सेवा
उद्योग के उच्च गुणवत्ता वाले विकास के जरिए सेवा व्यापार को नई ऊंचाई पर ले जाने, समावेशी
सहयोग के जरिए सेवा व्यापार के विकास के लिए नए अवसर पैदा करने और डिजिटल एवं
बुद्धिमान तकनीक के इस्तेमाल से सेवा व्यापार के विकास के लिए नया इंजन तैयार करने समेत
तीन सुझाव दिए।
शिखर सम्मेलन में पेइचिंग नगर पार्टी समिति के सचिव यिन ली ने भी हिस्सा लिया और संबोधन
दिया। बुरुंडी के राष्ट्रपति एवरिस्ते न्दायिशिमिये, जिम्बाब्वे के उप राष्ट्रपति कॉन्स्टेंटिनो चिवेंगा,
बुल्गारिया के उप प्रधानमंत्री अलेक्जेंडर प्लेव, संयुक्त राष्ट्र व्यापार और विकास सम्मेलन
(UNCTAD) के कार्यवाहक महासचिव पेड्रो मैनुअल मोरेनो, विश्व बौद्धिक संपदा संगठन (WIPO)
के महानिदेशक डेरेन टैंग और विश्व व्यापार संगठन (WTO) की उप महानिदेशक जोहाना हिल
समेत कई नेताओं और अधिकारियों ने वीडियो के जरिए या कार्यक्रम स्थल पर संबोधन दिया।
इसी दिन दोपहर में तिंग श्वेश्यांग ने क्रमशः अलेक्जेंडर प्लेव और कॉन्स्टेंटिनो चिवेंगा से मुलाकात
की। उन्होंने कहा कि चीन सभी पक्षों के साथ पारंपरिक मित्रता को आगे बढ़ाने, रणनीतिक आपसी
विश्वास मजबूत करने, एक-दूसरे के मूल हितों और प्रमुख चिंताओं का सम्मान करने तथा प्रमुख
क्षेत्रों में सहयोग के और अधिक परिणाम हासिल करने के लिए तैयार है। साथ ही, चीन पारस्परिक
लाभ के आधार पर मिलकर आधुनिकीकरण को आगे बढ़ाने का इच्छुक है। मुलाकात के दौरान
विदेशी राजनीतिक नेताओं ने कहा कि वे चीन के साथ मैत्रीपूर्ण संबंधों को बहुत महत्व देते हैं और
विभिन्न क्षेत्रों में व्यावहारिक सहयोग को गहरा एवं विस्तृत करने तथा द्विपक्षीय संबंधों को और
आगे बढ़ाने के इच्छुक हैं।
बता दें कि 2026 वैश्विक सेवा व्यापार शिखर सम्मेलन का आयोजन पेइचिंग नगर जन सरकार,
चीनी वाणिज्य मंत्रालय, संयुक्त राष्ट्र व्यापार और विकास सम्मेलन तथा विश्व बौद्धिक संपदा
संगठन ने संयुक्त रूप से किया। इसमें चीन और विदेशों से संबंधित पक्षों के प्रमुखों और प्रतिनिधियों
समेत करीब 800 लोगों ने हिस्सा लिया।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)