भारत की अर्थव्यवस्था में ऐतिहासिक छलांग
बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था ने ऐतिहासिक छलांग लगाई है। उन्होंने बताया कि 11 सालों में भारत दुनिया की 10वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था से 5वें स्थान पर पहुंचा है। उन्होंने दावा किया कि आईएमएफ के नए आंकड़ों के अनुसार भारत जल्द ही 4वें स्थान पर होगा। भारत लगातार दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बना हुआ है।
एससी, एसटी और ओबीसी के कल्याण पर जोर
जेपी नड्डा ने बताया कि बीते 11 वर्षों में मोदी सरकार ने समाज के हाशिए पर खड़े लोगों के लिए कई योजनाएं लागू की हैं। खासतौर पर अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के उत्थान पर विशेष ध्यान दिया गया है। सरकार ने इन्हें मुख्यधारा में लाने के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक सहायता से जुड़े कदम उठाए हैं।
महिला सशक्तिकरण को मिली नई दिशा
नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने महिला-नेतृत्व विकास (Women-led development) को बढ़ावा देने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उज्ज्वला योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, जनधन खातों में महिलाओं की भागीदारी और ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ जैसे कार्यक्रमों ने देश की महिलाओं को सशक्त बनाने का काम किया है।
कोविड-19 प्रबंधन में दुनिया को दिखाया रास्ता
जेपी नड्डा ने कहा कि कोविड महामारी के दौरान भारत सरकार ने जिस तरह से संकट का सामना किया, वह पूरी दुनिया के लिए मिसाल बना। देश में रिकॉर्ड समय में वैक्सीन विकसित कर व्यापक टीकाकरण अभियान चलाया गया। इसके साथ ही गरीबों को मुफ्त राशन, आर्थिक पैकेज और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।