दिल्ली सरकार की महत्वाकांक्षी क्लाउड-आधारित स्वास्थ्य सूचना प्रबंधन प्रणाली (एचआईएमएस) अगले साल की शुरुआत में लागू होने जा रही है. बड़े प्रोजेक्ट के तहत हर दिल्लीवासी को एक ई-हेल्थ कार्ड मिलेगा, वे घर से अपॉइंटमेंट लेने के बाद डॉक्टर से परामर्श लेंगे. इसके बाद उनकी मेडिकल हिस्ट्री ऑनलाइन उपलब्ध हो जाएगी.इसके लिए सारी प्रक्रियाए पूरी हो चुकी है और परियोजना को कारगर बनाने और इसे कैबिनेट के समक्ष रखने के लिए युद्धस्तर पर काम चल रहा है.स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन के साथ परियोजना की प्रगति की समीक्षा करने के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अधिकारियों को प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया, और कहा “दिल्ली सरकार लोगों को सर्वोत्तम और सबसे आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है. हम चाहते हैं कि लोग बिना किसी समस्या के विश्व स्तरीय सुविधाओं का उपयोग करें. एचआईएमएस इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, इसलिए हमें इसके क्रियान्वयन के प्रति बेहद गंभीर होना चाहिए और समयसीमा में तेजी लानी चाहिए.
केजरीवाल ने हेल्पलाइन और ई-हेल्थ कार्ड की प्रगति की भी समीक्षा की. सरकार ने कहा कि हेल्पलाइन के लिए वेंडर का चयन जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा और अगले तीन महीनों में कॉल सेंटर स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है. एचआईएमएस लागू होने के बाद, दिल्लीवासी एक निश्चित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लेने और नामित डॉक्टर से परामर्श लेने में सक्षम होंगे. ई-स्वास्थ्य कार्डों को अस्पतालों और अन्य समर्पित केंद्रों पर उपलब्ध कराने के अलावा घर-घर अभियान के माध्यम से वितरित करने की योजना पर काम चल रहा है. कार्ड में रोगियों का चिकित्सा इतिहास होगा और वे चिकित्सा रिपोर्ट और दस्तावेजों को ले जाने की आवश्यकता के बिना एचआईएमएस प्रणाली पर किसी भी अस्पताल में इलाज कराने में सक्षम होंगे.




